सदर अस्पताल में सामान्य प्रसव के दौरान महिला ने दी 3 बच्चों को जन्म,पूर्व से महिला थी तीन पुत्रियों की मां, परिवार में हुआ खुशी का माहौल कायम

शेखपुरा। शनिवार को स्थानीय सदर अस्पताल में संस्थागत प्रसव के दौरान एक साथ तीन बालकों की किलकारी के साथ अस्पताल का पूरा माहौल खुशनुमा हो गया । जिले के अरियरी प्रखंड क्षेत्र के डलहर गांव निवासी प्रमोद यादव की 39 वर्षीय पत्नी बुद्धनी देवी ने एक साथ तीन स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। तीन बेटियों की मां को एक साथ तीन पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। इस संबंध में महिला के पति प्रमोद यादव अपनी खुशी का इजहार करते हुए अस्पताल कर्मियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार ने बताया कि प्रसव पीड़ा के बाद महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था । जहां डॉ रोहित कुमार और जीएनएम सुप्रिया कुमारी की देखरेख में सामान्य प्रसव कार्य संपन्न हुआ ।प्रसव के बाद तीनों बच्चों को विशेष निगरानी में नवजात शिशु केंद्र एस एन सी यू में रखा गया है। तीनों बच्चे स्वस्थ हैं। जन्म के साथ उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही थी। जिसे संध्या होते-होते हटा लिया गया। बच्चा और जच्चा सभी स्वस्थ हैं। अभी 48 घंटे तक उन्हें सदर अस्पताल में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में रखा जाएगा।









