व्यवहार न्यायालय में नियुक्ति हेतु प्रारंभिक जांच परीक्षा 15 मार्च 2026 को*
दिनांक-15.03.2026 को बिहार के व्यवहार न्यायालयों में परिचारी के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक जांच परीक्षा आयोजित होगी। नवादा जिला में कुल 23 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों (प्रथम पाली 10ः00 बजे पूर्वाह्न से 12ः00 बजे मध्याह्न तक एवं द्वितीय पाली 02ः00 बजे अपराह्न से 04ः00 बजे अपराह्न तक) में परीक्षा आयोजित की जायेगी। परीक्षा कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान के द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी (पुरुष/महिला) एवं पुलिस पदाधिकारियों, कार्यपालक दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। साथ ही सभी केन्द्रों पर पर्यवेक्षक की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। किसी भी परिस्थिति में किसी भी परीक्षार्थी को प्रथम पाली के लिए 09ः30 बजे पूर्वाह्न एवं द्वितीय पाली के लिए 01ः30 बजे अपराह्न के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।
https://biharbulletin24.in/newly-nominated-district-president-of-janata-dal-united-nawada/

https://whatsapp.com/channel/0029Va6IX8DE50UiwIV51v0O
प्रारंभिक जांच परीक्षा कदाचारमुक्त
प्रारंभिक जांच परीक्षा कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु समाहरणालय, नवादा परिसर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है, जिसका दूरभाष नम्बर-06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में श्रीमती निरूपमा शंकर, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), नवादा एवं पु०अ०नि० सुजीत कुमार त्रिपाठी, प्रभारी डीसीबी शाखा रहेंगे। नियंत्रण कक्ष में पालीवार दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। साथ ही 03 सुरक्षित कार्यपालक दंडाधिकारी एवं 05 सुरक्षित स्टैटिक दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशामक व्यवस्था एवं चिकित्सा व्यवस्था की गयी है। सिविल सर्जन के द्वारा नियंत्रण कक्ष नवादा, प्रखंड कार्यालय परिसर वारिसलीगंज एवं प्रखंड कार्यालय हिसुआ में एम्बुलेंस में जीवन रक्षक दवाओं के साथ चिकित्सक एवं आवश्यक संख्या में चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।
प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग का कार्य
परीक्षा केन्द्र में प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग का कार्य किया जायेगा। कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में प्रतिबंधित सामग्री (बैग सहित), कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, पर्स, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच इत्यादि जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर, इरेज़र एवं ब्लेड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी जायेगी। परीक्षा केन्द्र में परीक्षार्थी प्रवेश के समय दो पासपोर्ट साइज के रंगीन फोटोग्राफ, एक पहचान पत्र एवं एक पहचान पत्र की स्व-अभिप्रमाणित प्रति तथा एक पारदर्शी पानी की बोतल एवं बॉल प्वाइंट पेन ले जा सकते हैं।









