श्री बाबू के लिए भारत रत्न की मांग को लेकर पद यात्रा पटना के लिए रवाना

बरबीघा / शेखपुरा ।बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर श्री कृष्ण सिंह की 137वीं जयंती समारोह उनके पैतृक गांव बरबीघा नगर परिषद के माउर गांव में मनाया गया । इस अवसर पर पूर्व मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह अनिल शर्मा डॉक्टर सहजानंद, डॉक्टर ऋषभ कुमार तथा हजारों की संख्या में लोग जमा हुए। जयंती समारोह के बाद हजारों की संख्या में युवा नौजवान श्री बाबू को भारत रत्न दिलाने की मांग को लेकर बरबीघा से पटना राज भवन तक के लिए पदयात्रा की शुरुआत की। इस यात्रा को पूर्व मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह अनिल शर्मा तथा डॉ सहजानंद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉक्टर सहजानंद ने बताया कि ऋषभ कुमार के नेतृत्व में हजारों की संख्या में पदयात्रा करने वाले लोग बरबीघा से तीन दिनों तक पैदल चलेंगे उसके बाद पटना के राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को बिहार केसरी श्री कृष्ण को भारत रत्न दिलाने का ज्ञापन सौंपेंगे । इस से पहले सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि श्री बाबू आधुनिक बिहार के निर्माता थे। उनके बाद आज तक उस तरह का विकास का कार्य बिहार में नहीं हुआ है। उनके नेतृत्व में हजारों कल कारखाने लगाए गए। सभा को संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि श्री बाबू सभी जात धर्म को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। वो देवघर के मंदिर में पिछड़ों को साथ लेकर प्रवेश किये । जमींदारी प्रथा को उन्होंने खत्म कराया। उन्होंने कहा कि श्री बाबू को भारत रत्न दिलाने की मांग जायज है और श्री बाबू को भारत रत्न मिलना चाहिए। इस अवसर पर डॉक्टर आनंद कुमार, चिंटू कुमार, जयशंकर प्रसाद, अविनाश कुमार काजू डॉक्टर मुरारी प्रसाद सिंह तथा प्रसन्न कुमार भल्ला अन्य लोग उपस्थित थे।









