पति की हत्या के मामले में पत्नी गिरफ्तार
मेसकौर (नवादा)। मेसकौर थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी गांव स्थित लव-कुश जंगल में युवक मुन्ना यादव का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी राखी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह मामला पारिवारिक विवाद और षड्यंत्र से जुड़ा बताया जा रहा है।

नवादा में मेले के पास गोलियों से 12 वर्षीय मासूम घायल
https://www.facebook.com/share/v/1DbuULmnd2/
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले लव-कुश जंगल में एक युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान सीतामढ़ी गांव निवासी मुन्ना यादव के रूप में की गई। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।
इस मामले में मृतक की मां लक्ष्मीनिया देवी ने मेसकौर थाना में आवेदन देकर अपनी बहू सहित कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। आवेदन में उन्होंने कहा था कि उनकी बहू का उनके बेटे के साथ संबंध ठीक नहीं था और इसी कारण साजिश रचकर उनकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के क्रम में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी राखी देवी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि इस मामले में चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 5-6 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
मेसकौर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









