लखीसराय। नगर परिषद बड़हिया के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के सत्यापन और अद्यतन कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बड़हिया के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बीएलओ पर्यवेक्षक, और नगर परिषद के अंतर्गत कार्यरत सभी संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने सभी बीएलओ को मतदाता सूची में शुद्धता और पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, जैसे नामों का दोहराव, मृत या अनुपस्थित मतदाताओं के नाम हटाना, और नए योग्य मतदाताओं का पंजीकरण, विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य है।
बीएलओ पर्यवेक्षकों को अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी और समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में मतदाता सूची के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया, और तकनीकी सहायता जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
निदेशक, डीआरडीए ने इस अवसर पर मतदाता जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करता है। उन्होंने बीएलओ से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। संबंधित मामलों की जानकारी प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्राची कुमारी ने दी।









