जनगणना 2027 को लेकर तैयारियाँ शुरू, तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*
जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निदेशानुसार जिले में वर्ष 2027 की जनगणना को लेकर तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में डीआरडीए सभागार, नवादा में जनगणना कार्य की तैयारी हेतु जिलास्तरीय, अनुमंडल स्तरीय, सहायक चार्ज अधिकारी (ग्रामीण/नगर) तथा अन्य संबंधित पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (09 मार्च से 11 मार्च 2026) आयोजित किया जा रहा है।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री सुनील कुमार ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह से पेपरलेस अर्थात डिजिटल मोड में कराई जाएगी।
जनगणना निदेशालय के नोडल पदाधिकारी श्री रंजय कुमार सिंहा एवं श्री रंजीत कुमार ने बताया कि डिजिटल जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण (मकान सूचीकरण) 02 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 09 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। पहले चरण के दौरान कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग, मकान मालिक का नाम तथा घर में उपलब्ध सुविधाएँ जैसे बिजली, पानी, शौचालय आदि से संबंधित जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही मोटरसाइकिल, कंप्यूटर, मोबाइल तथा घर में उपयोग किए जाने वाले अनाज का विवरण भी ऐप के माध्यम से दर्ज किया जाएगा।
https://youtu.be/UCZI3atwiG0?si=Di6uS0LvRqAZPO5O

https://whatsapp.com/channel/0029Va6IX8DE50UiwIV51v0O
जानकारी पोर्टल पर भरने की सुविधा भी दी जाएगी
नागरिकों को इस बार स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर भरने की सुविधा भी दी जाएगी, जबकि प्रगणक द्वारा केवल उसका सत्यापन किया जाएगा। इसके सुचारू संचालन के लिए 12 से 14 मार्च तक जिले के मास्टर ट्रेनर्स को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी विशेषता स्व-गणना (Self Enumeration) होगी। पहले चरण की शुरुआत से 15 दिन पूर्व अर्थात 17 अप्रैल से 01 मई 2026 तक आम नागरिकों के लिए एक वेब पोर्टल उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर लोग घर बैठे स्वयं अपने एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात संबंधित प्रगणक (एन्यूमेरेटर) घर-घर जाकर एसईआईडी के माध्यम से उक्त डेटा का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप से सबमिट करेंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर एवं रजौली, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।









