लखीसराय। जिला पदाधिकारी लखीसराय, मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में 13 अगस्त 1942 की स्मृति में शहीद स्मारक से प्रभात फेरी एवं 76वें वन महोत्सव, 2025 का शुभारंभ किया गया।
इस साल वन महोत्सव का थीम “एक पेड़ माँ के नाम” रहा, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान को समर्पित है।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, वन प्रमंडल पदाधिकारी मुंगेर, अम्बरीष कुमार मल्ल एवं उपस्थित पदाधिकारीयों द्वारा लखीसराय शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर शहीद स्थल से नया बाजार तक एक भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी में सैकड़ों स्कूली बच्चे, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वतंत्रता संग्राम की भावना को दर्शाते हुए नारे लगाए और जागरूकता फैलाई।
प्रभात फेरी के पश्चात, जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, वन प्रमंडल पदाधिकारी मुंगेर अम्बरीष कुमार मल्ल, सहायक वन संरक्षक सत्यम कुमार , नगर कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं स्कूली बच्चों ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देना है।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान सत्यम कुमार सहायक वन संरक्षक मुंगेर वन प्रमंडल मुंगेर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय अमित कुमार, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी के साथ सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया।









