लखीसराय SK Gandhi भाकपा जिला कार्यालय में महागठबंधन समन्वय समिति की बैठक संयोजक जितेन्द्र कुमार की निगरानी में सम्पन्न हुई। बैठक में महागठबंधन के नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति पर चर्चा की और क्षेत्रीय समस्याओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, नाली, पानी, बिजली एवं आवास घोटालों की जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरने की घोषणा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही जिला समाहरणालय पर एक विशाल धरना दिया जाएगा। महागठबंधन के नेताओं ने जिलाधिकारी द्वारा शिक्षा माफियाओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगा।
बैठक में पूर्व विधायक एवं राजद नेता फुलेना सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार “अनिश”, भाकपा जिला सचिव हर्षित यादव, भाकपा माले नेता चन्द्रदेव यादव, राजद जिला उपाध्यक्ष प्रेम सागर, भाकपा नेता अधिवक्ता रजनीश कुमार सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे। नेताओं ने एक स्वर में बिहार सरकार को अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया और मुख्यमंत्री को मानसिक रूप से असंतुलित करार दिया।
नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के मंत्री एवं अधिकारी योजनाओं के संचालन के नाम पर फर्जी प्राक्कलन एवं मापी पुस्तिका के माध्यम से कमीशन वसूली में लिप्त हैं। लखीसराय और सूर्यगढ़ा विधानसभा के प्रतिनिधियों पर भी सीधे भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो महागठबंधन जिला प्रशासन का संचालन ठप्प कर देगा।
प्रखंड स्तर पर समन्वय समिति का गठन भी किया गया, जिसकी अगली बैठक 07 जून 2025 को महात्मा गांधी बी.एड कॉलेज, लखीसराय में रखी गई है। इसमें पंचायत एवं बूथ स्तर तक समिति गठन की रूपरेखा तय की जाएगी।









