कौआकोल। नवादा जिले के कौआकोल प्रखण्ड एवं रूपौ थाना अंतर्गत पाण्डेयगंगौट गांव निवासी अशोक राम के पुत्र व भारतीय सेना के जवान मनीष कुमार ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। वे लगभग 22 वर्ष के थे। उनके निधन की दुःखद खबर के बाद उनके गांव एवं प्रखण्ड में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के पिता,माता,पत्नी सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक मनीष कुमार जम्मू कश्मीर के कारगिल में पदस्थापित थे एवं ड्यूटी के दौरान ही बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई। फिलहाल उनके निधन के ठोस कारणों का पता नही चल पा रहा है। घटना की सूचना ड्यूटी स्थल से मृतक के घरवालों को फोन के माध्यम से प्राप्त हुई। जिसके बाद इलाके में सूचना मिलते ही हड़कम्प मच गया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक मनीष चार भाई हैं,जिसमें इनके अलावे दो अन्य भाई भारतीय सेना में ही तैनात हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतक की शादी लगभग दो माह पूर्व ही हुई थी। मुखिया दीपक कुमार ने कहा कि मृतक जवान काफी मिलनसार एवं हँसमुख स्वभाव का व्यक्ति था। उसके शहादत पर हम सभी को गर्व है। सरपंच अराफात आलम,पूर्व जिला पार्षद नारायण स्वामी मोहन,प्रमुख प्रतिनिधि संजय यादव,पैक्स अध्यक्ष राहुल रत्नेश उर्फ मृत्युंजय सिंह आदि ने भी मृतक जवान के निधन पर गहरा शोक जताते हुए मृतक के आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किया। ग्रामीण सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल जवान के शव को वहां पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक जवान के शव को गुरूवार को गांव आने की सम्भावना है।









