लखीसराय। जांबाज टाउन थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहनी की देखरेख में परंपरागत तरीके से सामाजिक सद्भाव के बीच मुहर्रम त्योहार समापन को लेकर शांति समिति की बैठक टाउन थाना में आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य, डीजे और बाइक प्रदर्शन पर पूर्ण रोक रहेगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की और कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए।
उन्होंने कहा कि ताजिया जुलूस के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और निर्धारित समय सीमा का पालन करना जरूरी है। बिना अनुमति कोई भी जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। साथ ही जुलूस में बाइक का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। किसी प्रकार के अवैध हथियार या प्रदर्शन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में थाना के एसआई, चौकीदार, स्थानीय बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उपस्थित थे। सभी से आपसी सद्भाव और शांति के साथ मुहर्रम त्योहार मनाने की अपील की गई। विदित हो कि बालीवुड स्टार मिथुन चक्रवर्ती के स्टाईल में दिखने वाले थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहनी क्राईम कंट्रोल करने में बेहद हाईटेक एवं सख्त रहते हैं।









