जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आज डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समन्वय/राजस्व एवं तकनीकी विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों की पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अशोक सम्राट भवन निर्माण हेतु अंचल अधिकारी रजौली द्वारा भूमि उपलब्ध करा दी गई है । पर्यटकीय संरचनाओं के निर्माण एवं सुविधाओं के विकास हेतु भूमि उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी गई कि अंचल अधिकारी गोविंदपुर से भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव एवं अभिलेख की मांग की गई है, जिसे भेज दिया गया है। ककोलत जलप्रपात के निकट इस स्थल पर पर्यटकीय सुविधा विकसित करने हेतु विभाग को प्रतिवेदित किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एक लाख से कम आबादी वाले पुराने नगर निकायों में यूज्ड वॉटर मैनेजमेंट के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु अंचल अधिकारी नवादा/हिसुआ एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा/हिसुआ से प्रतिवेदन/नजरी नक्शा की मांग की गई। जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागों द्वारा मांगी गई भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
रजौली अनुमंडल में नए कारा भवन हेतु उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। नगर परिषद हिसुआ में बस पड़ाव हेतु अंतरविभागीय निःशुल्क भूमि हस्तांतरण के लिए विभागीय सहमति प्रदान करने को लेकर अंचल अधिकारी नरहट एवं कार्यपालक पदाधिकारी हिसुआ को समन्वय स्थापित कर कार्य संपादन करने का निर्देश दिया गया।
पंचायत विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्धता/सीमांकन के लिए पकरीबरावां प्रखंड के धमौल पंचायत एवं वारिसलीगंज प्रखंड के मंजौर पंचायत का प्रतिवेदन अप्राप्त है। इस पर जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी वारिसलीगंज एवं पकरीबरावां को समन्वय स्थापित कर अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नरहट प्रखंड के जमुआरा एवं कौआकोल प्रखंड के पाली एवं सरसारी पंचायत में भी पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने भवन विभाग को जलनिकासी के उपरांत शीघ्र निर्माण चालू करने का निदेश दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने एग्रीस्टैक योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। ई-किसान भवन, कौआकोल, गोविंदपुर एवं नवादा का निर्माण अपूर्ण होने तथा समायोजन हेतु राशि लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला अभियंता, जिला परिषद-सह-कार्यपालक अभियंता डीआरडीए नवादा को समन्वय स्थापित कर शीघ्र अनुपालन करने का निर्देश दिया। जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि राजस्व अभियान के दौरान किसान सलाहकारों को फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री एक डिजिटल प्लेटफार्म है, जहाँ किसानों की पहचान, भूमि रिकॉर्ड, फसल विवरण एवं अन्य महत्वपूर्ण डेटा दर्ज कर सरकारी योजनाओं एवं सब्सिडी का लाभ उपलब्ध कराया जाता है।
सामाजिक सुरक्षा कोषांग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बीपीएल परिवारों को पेंशन एवं गैर पेंशन योजनाओं के तहत लक्ष्यानुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। आपदा प्रबंधन से संबंधित भुगतान के संबंध में सभी अंचल अधिकारियों को आपदा पीड़ित लाभुकों को समय पर राशि भुगतान करने का निर्देश दिया गया। दिव्यांगजन कोषांग की योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई और गति लाने के निर्देश दिए गए।जन सम्पर्क विभाग की समीक्षा में प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी ने बताया कि “सफलता की कहानी” अंतर्गत दिव्यांगजन कोषांग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नियोजनालय, उद्योग एवं जीविका को छोड़कर अन्य विभागों से सफलता की कहानी प्राप्त नहीं हुई है। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों की सक्सेस स्टोरी तैयार कर फोटो एवं वीडियो क्लिप सहित जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी को ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीपीओ आईसीडीएस ने बताया कि रजौली अनुमंडल में वन स्टॉप सेंटर भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने और तत्काल 5 कमरों का भवन उपलब्ध कराने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी रजौली को निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी रजौली को शीघ्र भूमि चिन्हित कर वन स्टॉप सेंटर संचालन प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार पशुपालन, शिक्षा, श्रम, कल्याण, बाल संरक्षण, योजना, उद्योग, जीविका, पीएचईडी, भवन, आपूर्ति आदि विभागों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी,अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर एवं रजौली,जिला-भूअर्जन पदाधिकारी, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रभारी स्थापना शाखा, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (विद्युत/पीएचईडी), जिला कृषि पदाधिकारी, आरडब्ल्यूडी नवादा एवं रजौली, निदेशक डीआरडीए, डीपीओ आईसीडीएस, डीपीओ शिक्षा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।









