*जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित*
आज दिनांक 12.03.2026 को समाहरणालय सभाकक्ष, नवादा में जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में सभी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक बनाना था।
बैठक के दौरान विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

https://whatsapp.com/channel/0029Va6IX8DE50UiwIV51v0O
गैस एजेंसी के संचालक
माधुरी श्री भारत गैस एजेंसी के संचालक श्री कौशलेन्द्र कुमार ने सभी भारत गैस उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता अनावश्यक रूप से बुकिंग न करें। गैस वितरण बुकिंग एवं रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त होने के पश्चात ही किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें तथा 25 दिनों के बाद ही पुनः बुकिंग करें।
राजश्री एचपीसीएल गैस एजेंसी, नवादा के संचालक श्री राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि सभी डिस्ट्रीब्यूटरों के पास एचपीसीएल गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद तथा शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग करें।
उपभोक्ता 25 दिनों के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग करें।
सुपर गैस एजेंसी (इंडेन) के संचालक श्री प्रवीण कुमार ने भी जानकारी दी कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार 25 दिनों के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें तथा सभी उपभोक्ताओं को उनके घर तक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है तथा निर्धारित मूल्य पर ही गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बुकिंग के अनुरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक राशि की वसूली नहीं की जाए।
इसके अतिरिक्त गैस एजेंसियों को यह भी निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए तथा गैस वितरण से संबंधित सभी सरकारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए।
गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों की सतत निगरानी की जाएगी तथा अवैध वसूली,जमाखोरी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. राजकुमार सिन्हा सहित जिले के सभी गैस एजेंसियों के वितरक उपस्थित थे।









