लखीसराय। जिला पदाधिकारी लखीसराय मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में बाढ़ राहत कार्य की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पीपीटी के माध्यम से बाढ़ राहत कार्य की जानकारी प्रदर्शित की गई, जिसमें वर्षापात, गंगा नदी के जलस्तर की स्थिति, बाढ़ 2025 में अंचल अंतर्गत संचालित नाव की समीक्षा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चलंत पशु चिकित्सा एवं चिकित्सा कार्य, पशु चारा, राहत शिविर, चलंत वोट एम्बुलेंस इत्यादि कार्य की समीक्षा की गई।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को रखा। प्रमुख समस्याओं में पशु चारा, सड़क की मरम्मती, सामुदायिक किचन, पशु उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी शामिल थी।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने पॉलीथिन शीट्स की व्यवस्था करने का आदेश दिया। साथ ही, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पॉलीथिन शीट्स का वितरण करने का निदेश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्रवाई समाप्ति की घोषणा की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, जिला परिषद अध्यक्षा अंशु कुमारी, उपाध्यक्ष अनिता मेहता, जिला जदयू अध्यक्ष रामानंद मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन शशि कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अमित कुमार, सभी अंचलाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।









