डीएम-एसपी ने किया रसोई गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण,गोदाम परिसर में भीड़ को देखते हुए डोर टू डोर होम डिलीवरी करने का दिया निर्देश
शेखपुरा। मंगलवार को डीएम शेखर आनंद एवं एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने अधिकारियों के साथ शहर के सुमित्रा इंटरप्राइजेज नामक रसोई गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना और कालाबाजारी या कृत्रिम किल्लत को रोकना था। निरीक्षण के दौरान गोदाम में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। वहां पर आमजनों की लंबी कतारों को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी मालिकों को सख्त निर्देश दिए कि वे ‘डोर-टू-डोर’ (घर-घर) आपूर्ति सुनिश्चित करें। ताकि आम लोगों को कतारों में न लगना पड़े। जिला अंतर्गत सभी एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने संपर्क नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करें। ताकि उपभोक्ता किसी भी समस्या या बुकिंग के लिए सीधे संपर्क कर सकें। जिला पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि वितरण में कोई अनियमितता पाई गई या उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान किया गया, तो संबंधित गैस एजेंसी मालिक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ राकेश कुमार, सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
https://www.facebook.com/share/v/1CFWC4Mmp9/

जिला पदाधिकारी द्वारा जिले वासियों से अपील किया गया है कि आम नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार है। यदि कोई एजेंसी होम डिलीवरी से मना करती है, तो तुरंत संबंधित अधिकारी को सूचित करें।









