नई सरकार के गठन को लेकर तैयारी तेज है
बिहार की राजनीति में बदलाव की बयार बह रही हैं। नई सरकार के गठन को लेकर तैयारी तेज है। राज्यसभा चुनाव संपन्न हो चुका है। एनडीए ने पांचों सीट पर क्लीन स्वीप कर लिया है। जिसके बाद से ही सीएम नीतीश के बिहार से विदाई की तारीख भी तय हो चुकी है। सीएम नीतीश ने अपना अधूरा सपना पूरा कर लिया है और अब वो चारों सदनों के सदस्य बनने वाले नेताओं में शामिल हो चुके हैं। जल्द ही सीएम नीतीश अब दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे।
9 अप्रैल के बाद लेंगे राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ
सूत्रों के मुताबिक, 10 अप्रैल से पहले उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की संभावना कम है। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका शपथ ग्रहण 9 अप्रैल के बाद होना है, जिसके लिए उन्हें पहले विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ पूरी करने के बाद ही कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं। यात्रा का चौथा चरण 20 मार्च तक भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, मुंगेर, लखीसराय, गया और औरंगाबाद जिलों में प्रस्तावित है।
राज्यसभा में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

https://www.facebook.com/share/v/1CFWC4Mmp9/
सीएम नीतीश कब देंगे इस्तीफा
इसके बाद पांचवें चरण में नालंदा, पटना, भोजपुर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और बक्सर का दौरा हो सकता है, जो 30 मार्च तक पूरा होने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि 30 मार्च से पहले उनके सीएम पद छोड़ने की संभावना नहीं है। यानी फिलहाल मार्च तक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बने रहेंगे। अप्रैल में बिहार को 20 सालों के बाद मुख्यमंत्री के रुप में नया चेहरा मिलेगा। हालांकि फिलहाल निश्चित दिन तय नहीं हुआ है।
14 अप्रैल के बाद बन सकती है नई सरकार
फिलहाल खरमास चल रहा है, जो 14 अप्रैल को समाप्त होगा। परंपरागत रूप से इस अवधि में नए कार्यों की शुरुआत नहीं होती। ऐसे में 14 अप्रैल के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बन सकती है, हालांकि अभी तक किसी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।









