शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त निर्वाचन को लेकर आयोजित किया गया फ्लैग मार्च

लखीसराय। आसन्न बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त संचालन को लेकर डीएम मिथिलेश मिश्र एवं एसपी अजय कुमार के संयुक्त नेतृत्व में टाउन क्षेत्र में फ्लैग मार्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस फ्लैग मार्च में केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं जिला पुलिस बल के जवानों ने भाग लिया।

फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में भयमुक्त वातावरण में मतदान हेतु प्रेरित करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना था। मौके पर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि प्रशासन द्वारा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन की ओर से पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिला पदाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएँ एवं अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुँचकर निर्भीक होकर मतदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है।

एसपी अजय कुमार ने जानकारी दी कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। प्रत्येक गांव, कस्बा एवं मोहल्ले में सुरक्षा बलों की नियमित गश्ती की जा रही है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना या सूचना मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण निर्वाचन में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन द्वारा लगातार मतदाताओं को जागरूक करने हेतु प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिसमें फ्लैग मार्च, जन संवाद, रैली, पोस्टर, बैनर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश प्रसारित किया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ एवं निर्भीक होकर मतदान करें।

फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी डा रमन कुमार टाउन थाना अध्यक्ष सुनील कुमार सहनी कबैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment