लखीसराय। समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में श्री श्रृंगी ऋषि धाम मंदिर, श्री रामेश्वर धाम मंदिर एवं मां जलप्पा स्थान मंदिर के न्यास समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य इन मंदिरों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाना था।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल व्यवस्था, मंदिर तक आवागमन के लिए पक्के पथ, पार्किंग स्थल, चहारदीवारी निर्माण और वृक्षारोपण जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित न्यास समिति के सदस्यों से इन बिंदुओं पर विस्तृत फीडबैक लिया और मंदिरों के समग्र विकास के लिए ठोस योजनाओं पर जोर दिया।
सभी ने मिलकर मंदिर परिसरों को श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुगम, सुरक्षित, और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।
जिला पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यह प्रयास न केवल धार्मिक महत्व को बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी प्रोत्साहन देगा।
बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं न्यास समिति के सदस्य उपस्थित रहे।









