सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क और बुनियादी ढाँचा कोष (Central Road and Infrastructure Fund- CRIF) योजना के तहत बिहार सरकार द्वारा अनुशंसित 8 जिलों की कुल 10 परियोजनाओं की मंज़ूरी दी है जिसकी कुल लागत 675 करोड़ रुपये है।इस संबंध में माननीय मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि भारत सरकार द्वारा इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति देना माननीय प्रधानमंत्री जी की बिहार को विकसित प्रदेश की पंक्ति में शामिल करने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं, माननीय मंत्री नितिन नवीन ने इन योजनाओं की राशि की स्वीकृति के लिए माननीय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी का आभार व्यक्त किया।
नवादा जिले के लिए विशेष रूप से एक बड़ी परियोजना को स्वीकृति मिली है। इसके अंतर्गत नवादा स्टेशन रोड से गोसाईबिघा, जहाना, लखमोना होते हुए सुपौल तक 11.5 किलोमीटर पी.डब्ल्यू.डी. सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस योजना पर 45.00 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इस परियोजना से न केवल नवादा जिले के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच भी अधिक सुगम होगी। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मज़बूत होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
माननीय मंत्री श्री नितिन नवीन जी ने कहा कि नवादा जैसे जिलों में सड़क नेटवर्क का विस्तार विकास की रीढ़ साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में बिहार का हर कोना चौड़ी और सुरक्षित सड़कों से जुड़ सके, ताकि नागरिकों को आधुनिक परिवहन सुविधा और विकास के नए अवसर मिलते रहें।
मंत्री नितिन नवीन ने यह भी कहा कि इन योजनाओं की स्वीकृति माननीय मुख्यमंत्री जी के राज्य के किसी भी कोने से 4 घंटे में राजधानी पहुँचने के विजन को साकार करने में भी सहयोग करेगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी। राज्य में व्यापार और परिवहन की गति तेज होगी, साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
विदित हो कि राज्य सरकार अगले 2 सालों में इन योजनाओं को पूरा करेगी। इसके लिए माननीय मंत्री द्वारा विभाग के अधिकारियों को जल्द निविदा करने का आदेश दिया गया है।









