कुआं में गिरने से युवक की मौत

कुआं में गिरने से युवक की मौत , बाजार से घर वापस लौटने के दौरान रास्ते में पाव फिसलने से घटी घटना

 

शेखपुरा। जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत फ़ेदाली बीघा गांव में एक 31 वर्षीय युवक सोहित कुमार की मौत कुआं में गिरने से हो गई।मृतक फ़ेदाली बीघा गांव निवासी प्रमोद बिंद का पुत्र बताया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद बरबीघा थाना के अपर थाना अध्यक्ष रिंकू रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक का शव जब्त कर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जबकि पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक 3 छोटी छोटी बेटियों और एक पुत्र का पिता था। मज़दूरी कर वह परिवार का भरण पोषण किया करता था। इस बाबत अपर थाना अध्यक्ष रिंकू रंजन ने बताया कि युवक बाजार से मालदह गांव होते हुए घर वापस लौट रहा था। तभी रास्ते में गांव से 5 सौ गज दूरी पहले एक सूखे हुए कुएं के मुहाने पर पैर फिसल जाने के कारण वह 20 फिट लगभग गहरे कुएं में जा गिरा। उन्होंने कहा कि कुआं में पत्थर रोड़ा गिरा रहने के कारण उसके सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद युवक का शव कुंआ से बरामद किया गया। जिसे ग्रामीणों की सहायता से बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment