नवादा । कम्युनिष्ट विचार धारा के मजबूत स्तंभ और जनसंघर्षों के अगुआ बयोवृद्ध कॉमरेड बैद्यनाथ सिंह के निधन पर मंगलवार को न्यू एरिया नवादा स्थित सीपीएम कार्यालय में एक शोक सभा का आयोजन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई । शोक सभा की अध्यक्षता करते हुए पार्टी के महासचिव प्रो नरेशचंद्र शर्मा ने बैद्यनाथ सिंह की संघर्षगाथा से परिचित करवाया और कहा कि बहुत ही गरीब किसान परिवार से होने के बावजूद उनकी राजनितिक वफादारी इलाके भर में चर्चित हुई । लोग उन्हें बाबा कहकर पुकारते थे जो उनके भीतर की सादगी , वैचारिक दृढ़ता और सामाजिक सरोकार का प्रतीक था । कॉम रामजतन सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी समर्पित सिपाहियों के लिए उनके निधन की खबर दुखद है किन्तु संतोष भी है कि उनके सुझाये गए रास्ते पर चलकर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने हेतु साथियों ने हवा में मुट्ठी लहरा दिया है । शोक सभा को संबोधित करने वालों में कॉम पुष्पांजलि , कॉम भगीरथ प्रसाद , कॉम उमेश , कॉम राकेश चन्द्र विभूति , कॉम मुकेश कुमार , कॉम हाकिम समेत दर्जनों नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे ।









