अतीत का आइना है संग्रहालय: जिलाधिकारी

लखीसराय SK Gandhi| अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की पहल पर जिले के दर्जनों सरकारी एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने नि:शुल्क लखीसराय संग्रहालय के चारों दीर्घाओं में सुसज्जित धरोहरों का दीदार किया। इस अवसर पर संग्रहालय के प्रेक्षागृह में नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में ” संग्रहालय का हमारे जीवन में महत्व” विषय पर संवाद कार्यक्रम एवं विरासत क्विज के सफल प्रतिभागियों को समारोहपूर्वक पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद,बालिका विद्यापीठ की प्राचार्या कविता सिंह, पत्रकार अमर सिंह, प्रतिभा चयन एकता मंच बड़हिया के अध्यक्ष डॉ रामरुप दास व उपाध्यक्ष डॉ रामप्रवेश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। बालिका विद्यापीठ की छात्राओं के द्वारा मंगलाचरण एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। शंखनाद के माध्यम से कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि संग्रहालय हमारे गौरवशाली अतीत का आइना है, जिसके माध्यम से हम विभिन्न कालखंडों के प्राचीन धरोहरों को बारीकी से देखकर तत्कालीन कला एवं संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं। लखीसराय संग्रहालय बिहार का इकलौता ऐसा संग्रहालय हैं जहां पर दीर्घाओं में प्रदर्शित सारी मूर्तियां लखीसराय जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त हुई हैं। लखीसराय जिला प्राचीन समय में मूर्तिकला का प्रसिद्ध केंद्र था। जिलाधिकारी ने क्रिमिला से लखीसराय से उद्भव की कहानी को ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छात्र-छात्राओं को बताया। इस अवसर पर गत सप्ताह जिला प्रशासन द्वारा खेल भवन में आयोजित विरासत क्विज प्रतियोगिता परीक्षा के सफल प्रतिभागियों को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम के द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा संग्रहालय कर्मियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में शिक्षक श्रवण कुमार, गोविन्द कुमार, शशांक शेखर , अभिमन्यु त्रिपाठी,लाल इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार, संग्रहालय दीर्घा प्रभारी राजेश कुमार, आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रगान जन गण मन एवं समापन राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के सामूहिक गान से हुआ। धन्यवाद ज्ञापन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद ने किया।

Leave a Comment