लखीसराय। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों के तहत संग्रामपुर पंचायत के बूथ नंबर 327 एवं भलुई पंचायत के बूथ नंबर 336 का सत्यापन किया। इस दौरान बुथवाईज एसआईआर वेरिफिकेशन में वाइकिंग से स्वयं आईएएस मिथिलेश मिश्र नक्सलबाड़ी चानन के बीहड़ जंगल एवं नक्सली एरिया पहुंचे। मौके पर एसपी अजय कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार, डीसीएलआर सीतू शर्मा सहित जिले सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद थे।
इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
सत्यापन के दौरान जिला पदाधिकारी ने भलुई पंचायत के महजनवा/कोडासी क्षेत्र में ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, और बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत समस्याओं को सामने रखा। जिला पदाधिकारी ने इन समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। विशेष रूप से पेयजल समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया, जिसने समस्या का तुरंत निराकरण किया।
इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी ने प्रसिद्ध श्रृंगी ऋषि धाम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने श्रृंगी ऋषि धाम तक पहुंचने वाली सड़क की मरम्मत के लिए RCD एवं RWD को निर्देश दिए। साथ ही, वृद्धजनों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों की सुविधा के लिए विशेष ऑटो रिक्शा की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। यह कदम तीर्थयात्रियों और मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है, ताकि सभी को निर्बाध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बूथों पर मतदाता सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन कटिबद्ध है।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा, “हमारा लक्ष्य न केवल स्वच्छ और निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित करना है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है।”
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी निर्वाचन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन द्वारा सभी मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सीतु शर्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सूर्यगढ़ा तथा चानन संबंधित बूथों के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









