अब कुर्सी पर तभी बैठूंगा, जब जनता कहेगी कि मैं ईमानदार… ‘ कर दिया केजरीवाल ने इस्तीफे का एलान

अब कुर्सी पर तभी बैठूंगा, जब जनता कहेगी कि मैं ईमानदार… ‘ कर दिया केजरीवाल ने इस्तीफे का एलान

अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा, ‘तब तक कुर्सी पर नहीं बैठूंगा, जब तक जनता ना कह दे कि केजरीवाल ईमानदार है.’

अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद छोड़ने वाले हैं. ये बात उन्होंने ख़ुद कही है. केजरीवाल ने बताया है कि दो दिन के बाद वो मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने जा रहे हैं.

उन्होंने बताया, ‘जब तक जनता अपना फ़ैसला नहीं सुना देती, मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा… मैं हर घर और गली-गली में जाऊंगा और जब तक मुझे जनता से फ़ैसला नहीं मिल जाता, तब तक मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा.’ तिहाड़ से 13 सितंबर को रिहा होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहली बार 15 सितंबर को आम आदमी पार्टी के ऑफि़स पहुंचे हैं. यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने इस्तीफ़ा देने की बात कही है. इस दौरान केजरीवाल के साथ AAP नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आतिशी भी मौजूद हैं.

केजरीवाल ने अपने संबोधन में आगे कहा,

आज मैं जनता की अदालत में हूं. मैं आपसे पूछता हूं- मुझे ईमानदार मानते हो या गुनहगार. दोस्तो, 2 दिन के बाद मुख्यमंत्री की कुर्सी से इस्तीफा देने जा रहा हूं. तब तक कुर्सी पर नहीं बैठूंगा, जब तक जनता ना कह दे कि केजरीवाल ईमानदार है

केजरीवाल ने जल्दी चुनाव कराने की भी मांग की. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वो आगे बोले,

कुछ लोग कहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट के लगाए प्रतिबंधों के कारण हम काम नहीं कर पाएंगे. यहां तक ​​कि उन्होंने हम पर प्रतिबंध लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी… अगर आपको लगता है कि मैं ईमानदार हूं, तो मेरे लिए बड़ी संख्या में वोट करें. मैं निर्वाचित होने के बाद ही सीएम की कुर्सी पर बैठूंगा. चुनाव फरवरी में होने हैं. मैं मांग करता हूं कि नवंबर में महाराष्ट्र के साथ ही दिल्ली के भी चुनाव हो… चुनाव होने तक कोई और पार्टी का मुख्यमंत्री होगा. अगले 2-3 दिनों में विधायकों की बैठक होगी, जिसमें अगले मुख्यमंत्री का फ़ैसला किया जाएगा.’

Leave a Comment