पटना मेट्रो टनल में बड़ा हादसा, ऑपरेटर सहित तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत
पटनाः राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया. मेट्रो टनल में लोको मशीन का ब्रेक फेल होने के कारण कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए. इस घटना में तीन मजदूर की दर्दनाक मौत हो गयी है. 6 घायल हैं जिसमें चार मजदूरों की हालत गंभीर बतायी जा रही है. घटना सोमवार की देर रात की है.
अचानक हो गया ब्रेक फेलः जानकारी के मुताबिक यह घटना राजधानी पटना के एनआईटी मोड़ के पास हुई है. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि लोको मशीन के द्वारा सामान टनल के अंदर पहुंचाया जा रहा था, इसी दौरान इसका ब्रेक फेल हो गया. टनल के अंदर काफी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे. कई मजदूर मशीन की चपेट में आ गए. तीन मजदूरों की मौत हो गयी, हालांकि डीएमआरसी ने दो मजदूरों की मौत की पुष्टि की है. 6 मजदूर घायल हैं जिसमें 4 की हालत गंभीर है.
डीएमआरसी ने की पुष्टिः सभी घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार मरने वालों में एक टीवीएम ऑरेटर, एक लोको मशीन ऑपरेटर और हेल्पर है. घटना के बारे में डीएमआरसी की पीआरओ मोनिसा दुबे ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि सोमवार की देर रात घटना हुई है. 10 बजे के आसपास यह घटना हुई. पीआरओ ने 2 मजदूरों की मौत की जानकारी दी है.
“10 बजे के आसपास की घटना है. दो मजदूरों की मौत हुई है. हादसे के कारण मशीन में खराबी आ गयी है. घटना की छानबीन की जा रही है. घायलों को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है.” *-मोनिसा दुबे, पीआरओ, डीएमआरसी*









