प्रेमी के साथ स्कॉर्पियो चढ़ाकर पति की हत्या, 4 बच्चों की मां ने लव अफेयर में उजाड़ा अपना सुहाग

बिहार के औरंगाबाद जिले में पूजा नाम की एक महिला ने अपने आशिक कमलेश यादव के साथ मिलकर पति बिक्कू की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों ने बिक्कू को स्कॉर्पियो गाड़ी से बुरी तरह कुचलकर मार डाला। पूजा चार बच्चों की मां है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

वारदात बंदेया थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव की है। आरोपी पत्नी पूजा कुमारी ने कमलेश यादव के साथ मिलकर पति बिक्कू उर्फ मुकेश को स्कॉर्पियो से कई बार कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने पूजा को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका आशिक फरार है।

मृतक बिक्कू कुमार उर्फ मुकेश दाउदनगर थाना क्षेत्र के लाला अमौना गांव का रहने वाला था। बीते 22 जून को पुलिस ने झिकटिया गांव में नहर के पास बिक्कू का शव बरामद किया था। मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान मृतक की पत्नी पूजा कुमारी की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ।

पूजा का कमलेश से था अफेयर, पति बन रहा था रोड़ा

दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषि राज ने गुरुवार को बताया कि पूजा पर संदेह होने पर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पूजा का रफीगंज थाना क्षेत्र के कर्मा मसूद गांव निवासी कमलेश यादव के साथ लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पूजा का पति बिक्कू उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। उसे रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने साजिश रची।

Leave a Comment