*ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला आयोजित

*ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने हेतु रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला आयोजित, 203 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र*

दिनांक 13 मार्च 2026 को बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत ग्रामीण युवाओं के रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), मंगर विगहा (नवादा) के परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक सतत प्रक्रिया के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं हो जाते। आज इस पहल की औपचारिक शुरुआत की गई है।

https://biharbulletin24.in/now-cylinder-will-be-available-after-45-days-not-25-know-what-is-the-new-rule/

https://whatsapp.com/channel/0029Va6IX8DE50UiwIV51v0O

कौशल तथा बाजार की समझ

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी युवा के लिए केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल तथा बाजार की समझ भी अत्यंत आवश्यक हो गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरसेटी के माध्यम से युवाओं को पशुपालन, जूट उत्पाद निर्माण, इलेक्ट्रिशियन, मोबाइल रिपेयरिंग, मोटर मैकेनिक सहित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने अथवा रोजगार प्राप्त करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाता है।

सरकार द्वारा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के तहत युवाओं को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है, ताकि वे अपना स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर सकें। इसके अतिरिक्त नियोजन कार्यालय, आईटीआई तथा अन्य प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को सीधे कंपनियों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया

डीपीएम जीविका ने बताया कि इस रोजगार मेले में लगभग 1500 पदों के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें टाटा मोटर्स, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, टीवीएस, इंडो एम.आई.एम. (एन.टी.टी.एफ. के माध्यम से), गार्डियन्स सिक्योरिटी एंड फैसिलिटी प्रा. लि., नव भारत फर्टिलाइजर्स लिमिटेड, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, फ्लिपकार्ट, एस.बी.पी.एस. हेल्थ केयर प्रा. लि., यंग ब्राण्ड अपैरल प्रा. लि., सिंधुजा माइक्रोक्रेडिट लिमिटेड, हाईली प्रा. लि., एम.आर.एफ. लिमिटेड, याजाकी इंडिया, डी.एस.टी.ई.एस., विजन इंडिया सर्विसेस (श्नाइडर इलेक्ट्रिक के लिए), एच.एस.एन. टेक सॉल्यूशन प्रा. लि. सहित अन्य कंपनियाँ शामिल रहीं। इन कंपनियों द्वारा युवाओं की नियुक्ति प्रोडक्शन वर्कर, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, सिक्योरिटी गार्ड, मल्टी-सर्विस स्टाफ सहित विभिन्न पदों पर की जाएगी।

 

जीविका द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों के

 

उन्होंने नवादा जिले में जीविका द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस रोजगार मेले में कुल 622 युवाओं ने निबंधन कराया, जिनमें से 203 युवाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया, जबकि 145 युवाओं को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया। वहीं 162 आवेदकों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया।

तत्पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं उचित मार्गदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डॉ. राजकुमार सिंहा, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मनीष कुमार, डीपीएम जीविका श्री चंदन कुमार सुमन, प्रबंधक (संचार) श्री राजीव रंजन, प्रबंधक (रोजगार) श्री ज्योति प्रकाश, प्रबंधक (सामाजिक विकास) श्री संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment