निर्वाचन ऑब्जर्वर ने की बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों समीक्षा । लखीसराय।
रणदीप दी(IAS)सामान्य प्रेक्षक, सिद्धार्थ दास (IAS) सामान्य प्रेक्षक, बूरुगी राजा कुमारी (IPS) पुलिस प्रेक्षक, आस्थानंद पाठक (IRAS) व्यय प्रेक्षक की अध्यक्षता में आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों के निमित्त निर्वाची पदाधिकारी/वरीय पदाधिकारी/नोडल पदाधिकारी की समीक्षा बैठक समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा अब तक की गई निर्वाचन से संबंधित तैयारियों एवं गतिविधियों की विस्तृत प्रस्तुति पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई।
उन्होंने विशेष रूप से मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) के तहत आयोजित किए गए कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिनमें रैली, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यशालाएं, पोस्टर व सोशल मीडिया अभियानों की विशेष चर्चा की गई।
प्रेक्षकगण ने निर्वाचन से संबंधित सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
व्यय प्रेक्षक ने व्यय निगरानी तंत्र की सुदृढ़ता, उड़नदस्तों की तैनाती, सी-विजिल ऐप की सक्रियता एवं अभ्यर्थियों द्वारा व्यय लेखा के नियमित संधारण पर बल देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रेक्षक ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, फ्लैग मार्च, लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति, लाइसेंसी हथियारों की समीक्षा, आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सामान्य प्रेक्षक ने सभी विभागीय समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सभी अधिकारी समयबद्ध व दायित्वबद्ध रूप से कार्य करें। मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं हेल्पलाइन सेवाओं की प्रभावशीलता की भी समीक्षा की गई।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रेक्षकगण द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, नजारत समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।









