डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने लखीसराय डबल मर्डर पीड़ित परिवार से की मुलाकात, कहा- दोषी कतई बख्शे नहीं जाएंगे

लखीसराय।। उमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे। यहां उन्होंने पिपरिया प्रखंड के वलीपुर पंचायत में मुखिया चंदन कुमार उर्फ डोमू सिंह और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि चंदन कुमार की हत्या मामले को लेकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मृतक मुखिया की पत्नी पल्लवी कुमारी और अन्य परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। पल्लवी कुमारी डिप्टी सीएम के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं और अपने पति के हत्यारों को सजा दिलाने की गुहार लगाई। डिप्टी सीएम ने उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और आश्वस्त किया कि सरकार हर हाल में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

 

मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस दोहरे हत्याकांड की जांच पुलिस गंभीरता से कर रही है और जो भी दोषी होगा, वह चाहे सत्ता पक्ष से जुड़ा हो या विपक्ष से, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता न्याय दिलाना है और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

 

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि मृतक परिवार को सुरक्षा और मुआवजा दिलाने को लेकर सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त कार्रवाई की जा रही है और जरूरत पड़ी तो एक बार फिर एनकाउंटर की नीति पर विचार किया जाएगा।

 

पूर्व सांसद पप्पू यादव द्वारा पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद सरकार पर किए गए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव जैसे लोग जंगल राज के विद्यालय में पढ़े-लिखे हैं और उनकी मानसिकता अब भी वैसी ही है। ऐसे ही मानसिकता के लोग आज भी अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं।

 

डिप्टी सीएम का यह दौरा न केवल पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताने का था, बल्कि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment