डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने किया भामा साह पार्क सौंदर्यीकरण योजना का शिलान्यास

लखीसराय। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा शनिवार को अपने दो दिवसीय प्रवास के तहत लखीसराय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के नया बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान मंदिर के निकट दानवीर भामा साह पार्क एवं कुँआ के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह योजना डिप्टी सीएम के विधायक निधि से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है।

 

कार्यक्रम के दौरान जिले के डीएम मिथलेश कुमार मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। शिलान्यास के अवसर पर डिप्टी सीएम ने कहा कि दानवीर भामा साह केवल इतिहास के पात्र नहीं, बल्कि प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने राष्ट्र और समाज के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। ऐसे महापुरुषों के नाम पर पार्कों और स्थलों का विकास भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा।

 

मौके पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विजय सिन्हा ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को अवसर मिला, तब उन्होंने राज्य के विकास की दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं किया। अब जब एनडीए सरकार लगातार जनहित में योजनाएं चला रही है, तो विपक्ष के नेताओं में बेचैनी साफ देखी जा रही है। उन्होंने तेजस्वी यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘जंगलराज और अराजकता वाले विद्यालय का छात्र’ बताया।

 

डिप्टी सीएम ने कहा कि आज विपक्ष की भाषा में न शालीनता है और न ही मर्यादा। बिहार की जनता अब बहुत जागरूक हो चुकी है और वह विकास और सुशासन के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगातार ऐसे कार्य किए जा रहे हैं जिससे आमजन को सीधा लाभ पहुंचे।

 

समारोह के अंत में डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए हर योजना को धरातल पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Comment