नवादा में धूमधाम से निकली भव्य शोभायात्रा

नवादा में धूमधाम से निकली भव्य शोभायात्रा : शोभायात्रा में जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गुंजायमान शहर

पंकज कुमार

नवादा : नवादा में रविवार को पूरे धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली रामनवमी की भव्य शोभायात्रा। शोभायात्रा में जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गुंजायमान शहर। रामजी की निकली सवारी, रामजी की लीला है न्यारी… जैसी भक्ति धुन और ढोल-नगाड़े की गड़गड़ाहट से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। चारों तरफ गेड़ुआ वस्त्रों की लहर देखने को मिली। जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से वातावरण पूरी तरह से श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो चुका। हर कोई रामनवमी शोभायात्रा में पूरे हर्षोल्लास से राम धुन में रमे नजर आए। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु अपने ललाट पर जय श्रीराम और जय हनुमान की पट्टी लगाये काफी उत्साहित नजर आये। मुख्य शोभायात्रा शहर के पुरानी बाजार महावीर मंदिर और पार नवादा से निकाली गयी। इसमें सनातन धर्म से जुड़े हर उम्र के लोग नाचते-झूमते नजर आये। वैसे तो भौगोलिक दृष्टिकोण से शहर के दो भागों में बंटे रहने के कारण दो बड़ी शोभायात्रा वर्षों से निकाली जा रही है। पार नवादा की शोभायात्रा उसी क्षेत्र में घूमने के बाद शोभनाथ मंदिर परिसर में संपन्न हुई। वहीं, शहर के पुरानी बाजार महावीर मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा अन्य मुहल्लों की शोभायात्रा के साथ मिलकर देर शाम पुरानी बाजार महावीर मंदिर में संपन्न हुई। पुरानी बाजार से निकलने वाली शोभायात्रा में स्थानीय युवा और वृद्धजन जुटे रहे।

ईट बिक्री के लिए नई दरों का निर्धारण किया गया

शोभायात्रा में जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से गुंजायमान शहर

https://whatsapp.com/channel/0029Va6IX8DE50UiwIV51v0O

घरों की छतों से होती रही पुष्प वर्षा

बता दें कि आजादी के बाद वर्ष 1952 में पहली बार रामनवमी की शोभायात्रा निकाले जाने की परंपारा शुरू हुई, जो आज भी बरकरार है। स्थानीय कलाकार हनुमान, वानर सेना और जंगली वेशभूषा में नजर आये। शोभायात्रा में सबसे आगे भांगड़ा व ढोल-नगाड़े के साथ थिरकते लोग भक्तिभाव से सराबोर नजर आए। शोभायात्रा की झांकी में राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी का रथ सबसे आगे-आगे चल रहा। उसके पीछे ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर लोग झूमते नजर आये। इसके साथ ही भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी, शिव पार्वती, ऋषि मुनियों की झांकियों ने लोगों को आकर्षित किया। वानरों की सेना और जोकर के अलावे अन्य कई झांकियां शामिल रहीं। उसे देखने के लिए हर गली-मुहल्लों में लोग घंटों इंतजार करते रहे।

महावीर मंदिर से निकाली गयी शोभायात्रा जब मेन रोड, लाल चैक से मुस्लिम रोड होते हुए कलाली रोड पहुंची, तो वहां घरों की छतों से पुष्प वर्षा शुरू हो गयी। यह सिलसिला पुरानी बाजार तक जारी रहा। महिलाएं घरों की छतों से शोभायात्रा में शामिल भगवान श्रीराम के रथ पर फूल बरसा रही थीं।

शरबत व पानी का हुआ इंतजाम :

शहर के जिस इलाके से रामलला की सवारी वाली शोभायात्रा गुजर रही थी, वहां लोग भक्तों की सेवा में कोई कमी नहीं कर रहे थे। शरबत और पानी का इंतजाम कर श्रद्धालुओं की आवभगत की भरपूर व्यवस्था देखने को मिली। जिन स्थानों पर पेयजल और शरबत का इंतजाम किया गया, वहां झांकियों में शामिल देवी-देवताओं की सेवा में लोग कोई कोर कसर नहीं छोड़े।

पार नवादा में झांकी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा :

शहर में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र पार नवादा में शोभायात्रा की झांकी और विशाल जुलूस देखते ही बना। गया रोड देवी मंदिर से निकलकर अंसार नगर होते हुए मस्तानगंज तक पहुंची शोभायात्रा में पूरे शहर के लोगों ने अपनी भागीदारी निभायी। यहां सुरक्षा का सख्त इंतजाम किया गया था। इसके अलावा खुरी नदी पुल से सटे सर्वधर्म का सेवा शिविर भी लगाया गया। बजरंगदल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्य सहित अन्य लोग लाल गमछा और हाथों में हनुमान जी का ध्वज लिये जय श्रीराम-जय हनुमान का जयघोष करते नजर आ ए। गाजे-बाजे के साथ निकाली गयी शोभायात्रा में लोगों का उत्साह यहां भी कम नहीं रहा। पूरे शहर में 14 समितियों ने शोभायात्रा निकाली। इस क्षेत्र में सद्भावना चौक, बजरंग नगर तेली टोला आदि क्षेत्रों से निकाली गयी शोभायात्रा भी शानदार रही।

जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम :

जिला प्रशासन ने रामनवमी शोभायात्रा को लेकर चाक-चौबंध सुरक्षा व्यवस्था की गयी। नवादा डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान पूरे दलबल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटे दिखे। इसके साथ ही वीडियो व ड्रोन कमरे लगाये गए। शहर में भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों के साथ मजिस्ट्रेट तैनात रहे । शहर में खासकर पार नवादा क्षेत्र में हर तरफ सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहा। पुलिस व जिला प्रशासन के आला अधिकारी रजौली स्टैंड में बनाये गये शिविर में मॉनीटरिंग के लिए तैनात रहे।

पूरे शहर में बंद रही विद्युत सप्लाई :

रामनवमी शोभायात्रा को लेकर रविवार की दोपहर बाद से विद्युत सप्लाई बंद कर दी गयी। जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो, इसको लेकर पूरे शहर की विद्युत अपूर्ति बंद रही। हालांकि, लोगों को भीषण गर्मी में पानी के लिए थोड़ी परेशानी झेलनी पड़ी। वैसे जुलूस समाप्त होने के बाद देर रात विद्युत आपूर्ति बहाल करायी गयी।

नवादा के हर मार्ग पर रही खचाखच भीड़ :

नवादा शहर के मेन रोड, प्रसाद बिगहा और खुरी नदी पुल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ शोभायात्रा देखने लोग जुटे रहे। शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में सैंकड़ों महिला व पुरुष पुलिस जवान मौजूद रहे, साथ ही आम नागरिकों की भी सुरक्षा व्यवस्था का ख्याल रखा गया। इस बार रामनवमी शोभायात्रा में जितनी भीड़ देखने को मिली, वह प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं थी,बावजूद रामनवमी शोभायात्रा शांति के साथ देर रात तक संपन्न करा दी गयी।

सोशल मीडिया पर शोभायात्रा की रही धूम :

रविवार को शहर में निकाली गयी शोभायात्रा को लोग सोशल मीडिया पर डालने के लिए काफी लालायित दिखे। हर हाथ में मोबाइल का फ्लैश चमका , कोई लाइव कर रहा था, तो कोई सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर डालने में लगे रहे । पूरे शोभायात्रा में मोबाइल से फोटो लेने की होड़ मची रही।

Leave a Comment