जयमाला से पहले दूल्हे को पड़ा मिर्गी का दौरा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार; बैरंग लौटी बारात
गोंडा जिले के तरबगंज क्षेत्र में एक शादी उस समय टूट गई जब जयमाला से पहले दूल्हे को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पूरी बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी लखनऊ के चारबाग निवासी युवक से करीब छह महीने पहले तय की थी। वरीक्षा की रस्म के बाद 7 मार्च को शादी की तारीख तय हुई थी।

https://whatsapp.com/channel/0029Va6IX8DE50UiwIV51v0O
बारातियों का स्वागत
निर्धारित तिथि पर रात करीब 8 बजे बारात पहुंची, जहां बारातियों का स्वागत किया गया। इसके बाद करीब 10:30 बजे द्वारपूजा की रस्म के लिए दूल्हा मंडप में पहुंचा।
द्वारपूजा के बाद दूल्हा घर के सामने कुर्सी पर बैठा था, तभी अचानक वह कुर्सी से गिर पड़ा और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देख बाराती उसे संभालने लगे।
दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से साफ मना कर दिया। दुल्हन के पिता का आरोप था कि दूल्हे की बीमारी की जानकारी उनसे छिपाई गई थी, अगर पहले पता होता तो वह यह रिश्ता तय ही नहीं करते।
दुल्हन ने शादी से साफ मना कर दिया
वहीं, वर पक्ष के लोगों का कहना था कि दूल्हे को कोई गंभीर बीमारी नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक बहस होती रही। पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष तरबगंज थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। हालांकि दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही।
प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्ष थाने आए थे और बाद में आपसी सहमति से मामला शांत हो गया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।









