दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा आयोजन को लेकर डीएम -एसपी ने की संयुक्त रूप से की शांति समिति की बैठक। लखीसराय से एस०के०गांधी।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा के आयोजन के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा सभी सदस्यों का स्वागत कर की गई।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और छठ महापर्व के आयोजन से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण मांगें की। इनमें प्रमुख रूप से घाटों पर पर्याप्त लाइट व्यवस्था, महिला पुलिस की तैनाती, घाटों पर साफ-सफाई, चेंजिंग रूम की व्यवस्था, खतरनाक घाटों की पहचान कर बैरिकेडिंग लगाने, पानी में गोताखोर सुरक्षा दस्ता तैनात करने, जहां आवश्यक हो वहां नाव का इंतजाम करने और प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की गई।
जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने इन मांगों को गंभीरता से सुना और हर जायज मांग को पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सभी घाटों का सर्वेक्षण कर एक ठोस योजना बनाई जाएगी, जिसके तहत बैरिकेडिंग, लाइटिंग, साफ-सफाई, नाव, गोताखोर, स्वास्थ्य कर्मी, सुरक्षाकर्मी और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही दीपावली एवं काली पूजा के मद्देनजर भी जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया कि छठ पूजा और अन्य त्योहारों के आयोजन में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और सभी सुरक्षा उपायों के साथ हर संभव सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, सिविल सर्जन उमेश प्रसाद, सभी थानों के अध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, जिला शांति समिति के सदस्य, सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









