लखीसराय। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान का प्रारंभ जिला से सुदूरवर्ती नक्सल प्रभावित आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र कोडासी में फुटबॉल मैच के माध्यम से किया गया। जहां पर आंगनबाड़ी सेविका सहायिका एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कुल चार टीम जिसमें कछुआ, सतघरवा, बासकुंड एवं गोवदाहा कोरासी शामिल रहा। बासकुंड की टीम विजेता रहा तो वहीं गोवरदाहा कोरासी की टीम उपविजेता। सभी को कप एवं मैडल देकर सम्मानित किया गया। परंपरागत नृत्य एवं ढोल बाजन एवं चादर पूप्ष गुच्छ से उपस्थित सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।आंगनबाड़ी सेविका के द्वारा मतदाता जागरूकता के कई नारे भी लगाए गए। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने संबोधित करते हुए कहा कि आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है।पहले के जमाने में आप सभी के पूर्वज पंचायत के माध्यम से फैसला सुनाते थे उसी का स्वरूप बदला है, अब आप अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपने क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधि को चुनते हैं। उसी कड़ी में आप सभी के बीच जागरूक करने के लिए आए हैं। आप सभी अपने अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। जो भी सदस्य बाहर या प्रदेश में हैं उनको को भी जरूर बुलाएं। क्योंकि एक एक मत कीमती होता है। आपका एक वोट किसी के जीत हार का कारण बन सकता है। इसलिए जिनको भी वोट करना है करें। बिना डर भय और प्रलोभन के वोट करें । इस बीच अपने आस पास पड़ोस या परिवार के लोगों को भी इसके बारे में जानकारी दें।6 नवंबर को अपने घर से निकलकर सब मिलकर वोट जरूर दें। इसी के लिए समस्त जिला प्रशासन आपके क्षेत्र में आए हुए हैं। ग्रामीणों को परंपरागत ढोल के माध्यम से भी जागरूक करने का आग्रह किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने भी भरोसा दिलाया कि ढोल के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मतदान से संबंधित मतदाता शपथ भी जिला पदाधिकारी के द्वारा दिलाया गया। मौके पर स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी,जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक नैन्सी मुर्मू, प्रखंड विकास पदाधिकारी , बाल विकास परियोजना पदाधिकारी विभा कुमारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, स्वीप कोषांग के प्रतिनियुक्त कर्मी एवं हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, एनएनएम के जिला समन्वयक कन्हैया कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी के अलावा कई अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









