शिक्षा व्यवस्था पर सवाल: छात्र छात्राओं ने विद्यालय में ताला लगा कर शिक्षक के स्थानांतरण की किया मांग 

नारदीगंज प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरनारायणपुर में शनिवार को ग्रामीणों और छात्रों ने विधायक के गेट में ताला जड़ दिया।विद्यालय के एक शिक्षक से नाराजगी और कुव्यवस्था के कारण तालाबंदी किया गया है। ग्रामीण और छात्र विद्यालय के शिक्षक अल्लाउदीन के रवैये से परेशान हो कर उसके स्थान्तरण करने की मांग करने में लगे हैं। बताया जाता है कि शिक्षक अलाउद्दीन उसी गांव के निवासी हैं।जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया दिनेश कुमार भी विद्यालय के पास पहुंचे।इस दौरान स्कूली बच्चों ने हाथों में तख्ती लेकर नारा लगाते हुए विरोध जताया। छात्रों के हाथ में तख्तियों में लिखा था- तालाबंदी का शौक नहीं, यह हम सब की मजबूरी है। हम सब बच्चों का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है। मुखिया ने कहा कि शिक्षक के व्यवहार को लेकर ग्रामीणों व बच्चों में नाराजगी है।उन्हें यहां से स्थानांतरित किया जाए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश प्रसाद ने कहा कि विद्यालय के एक शिक्षक को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। इसी को लेकर लोगों ने ताला लगा दिया है। इस विद्यालय में दस शिक्षक पदस्थापित हैं, जिसमे पांच शिक्षक ही विद्यालय आये थे। मामले की जानकारी प्राप्त होने पर बीईओ दीपक कुमार, प्रखंड लेखापाल संजीव रंजन, बीआरपी आनंद कुमार समेत अन्य पहुंचे और विद्यालय प्रधान व ग्रामीणों से बातचीत कर विद्यालय में लगा ताला खोला गया। उसके बाद बाहर रहे शिक्षक व छात्र अंदर पहुंचे। उसके बाद प्रार्थना समेत अन्य शैक्षणिक कार्य शुरु हुआ। बीईओ दीपक कुमार ने शिक्षक अल्लाउदीन को इस विद्यालय से स्थान्तरण करने, शैक्षणिक व्यवस्था को सुधार के साथ अन्य सुविधाओं भी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिलाया। ग्रामीण रजनीश कुमार, श्रवण कुमार कुशवाहा, वीरेन्द्र कुमार,विद्यालय शिक्षा समिति अध्यक्ष रीता देवी,सचिव सरिता देवी ने कहा कि शिक्षक अल्लाउदीन का व्यवहार सही नहीं है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने विद्यालय के जर्जर भवन की जगह नया भवन बनाने ,चारदीवारी निर्माण, मनोरंजन के लिए विद्यालय परिसर में झूला,स्लाइडिंग , बीम समेत पर्याप्त खेलकूद की सामग्री ,स्मार्ट क्लास के लिए टीवी आदि की मांग की। साथ ही विद्यालय का खेल मैदान को व्यवस्थित कराने की मांग की। छात्र छात्राओं ने शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार करने की बात कही।

Leave a Comment