71वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न
जिलाधिकारी ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
बिहार लोक सेवा आयोग की 71वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा एकल पाली में आज जिले के कुल 27 परीक्षा केन्द्रों पर स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त परीक्षा सम्पन्न हुई।
जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान द्वारा जिले के कई परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को कदाचारमुक्त परीक्षा और विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आज कन्या इंटर विद्यालय नवादा, गांधी इंटर विद्यालय नवादा, प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय नवादा, आरपीएस स्कूल नवादा एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल नवादा आदि केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही थी। विधि-व्यवस्था संधारण के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर जिला प्रशासन नवादा द्वारा पुख्ता व्यवस्था की गई थी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरा एवं जैमर का जायजा लिया एवं सभी केन्द्राधीक्षक तथा प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु निर्देश दिया।
जिला नियंत्रण कक्ष नवादा से प्राप्त सूचना के अनुसार आज 12 हजार 168 अभ्यर्थियों में से 08 हजार 297 परीक्षार्थी केन्द्रों पर उपस्थित रहे और 03 हजार 871 अनुपस्थित रहे। सर्वाधिक परीक्षार्थियों की संख्या 563 केएलएस कॉलेज, नवादा में रही। सबसे कम परीक्षार्थियों की संख्या 194 त्रिवेणी कॉलेज, कुंती नगर, नवादा में पाई गई।
सभी केन्द्रों का लाइव टेलीकास्ट (समाहरणालय के सभाकक्ष) जिला नियंत्रण कक्ष में किया गया। जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा पल-पल की सूचना ली गई और आयोग के द्वारा निर्देशित नियमों का पालन किया गया। सभी परीक्षा केन्द्रों पर चार स्तरीय दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। परीक्षा अवधि में अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर के निर्देश के आलोक में नगर क्षेत्र में स्थित फोटोस्टेट की दुकान, साइबर कैफे एवं इंटरनेट की सुविधा को प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक बंद रखा गया।
आज निरीक्षण के समय गोपनीय शाखा प्रभारी के साथ-साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।









