राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा सुश्री शिल्पी सोनीराज के मार्गदर्शन तथा श्री धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा के निर्देश पर दिनांक 14 सितम्बर 2025 को अकबरपुर प्रखंड स्थित पचगांव सामुदायिक भवन परिसर में “मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों हेतु कानूनी सेवाएँ” विषय पर एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा के डिफेंस काउंसिल श्री अमन जैन, पी.एल.वी. श्री रामानुज कुमार, ग्राम पंचायत पचगांव की मुखिया एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
अपने संबोधन में डिफेंस काउंसिल श्री अमन जैन ने कहा कि “मानसिक रूप से बीमार एवं दिव्यांग व्यक्तियों के लिए न्याय, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने हेतु कानूनी सेवाएँ अत्यंत आवश्यक हैं। सरकार, गैर-सरकारी संगठन एवं कानूनी सहायता संस्थाओं को मिलकर ऐसी व्यवस्थाएँ विकसित करनी चाहिए जो सुलभ, संवेदनशील और प्रभावी हों।” उन्होंने आगे कहा कि विधिक जागरूकता, शिक्षा और कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन ही इन व्यक्तियों के अधिकारों और कल्याण की सुरक्षा का आधार है।
अंत में श्री अमन जैन ने यह भी उल्लेख किया कि “मानसिक रूप से बीमार एवं दिव्यांग व्यक्ति अपनी असहाय स्थिति के कारण न्याय तक पहुँचने और उचित देखभाल प्राप्त करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हैं। उनकी गरिमा की रक्षा, अधिकारों की सुरक्षा और पुनर्वास में कानूनी सेवाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”









