लखीसराय। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का परिवहन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री शीला मंडल एवं जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण कर बाढ़ की गंभीरता पूर्वक आकलन किया गया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री -सह-परिवहन मंत्री बिहार सरकार शीला मंडल एवं जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के द्वारा लखीसराय जिला के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर बाढ़ की गंभीरता का आकलन किया गया एवं बाढ़ राहत से संबंधित चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
इस दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बड़हिया के टाल क्षेत्र यथा पाली पंचायत एवं ऐंजनी घाट पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ का आकलन किया एवं इससे प्रभावित होने वाली लोगों की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनीं और प्रशासन की तत्परता से अवगत कराया।
तात्कालिक व्यवस्था के अंतर्गत बाढ़ से प्रभावित होने वाले पशुओं के लिए सुखा चारा एवं पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा रहा है। पशुओं की चिकित्सा हेतु पशु मोबाइल एम्बुलेंस वैन भी चलाया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पीने के पानी हेतु चापाकल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
भ्रमण के दौरान मंत्री शीला मंडल ने राहत एवं बचाव शिविर के संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री ने जिला प्रशासन के बाढ़ राहत की तैयारियों एवं चलायें जा रहे कार्यक्रमों पर संतोष व्यक्त किया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए सैंड बैग और सड़क मरम्मती जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ हर संभव सहायता के लिए कटिबद्ध है।
भ्रमण में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हिया, अंचलाधिकारी बड़हिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहे।









