लखीसराय। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) 2025 की तैयारियों सम्बंधित समीक्षा बैठक समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
इस बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को गरिमामय और व्यवस्थित बनाने पर जोर देते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने ध्वजारोहण स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट को प्राथमिकता देने के साथ-साथ परेड स्थल पर मिट्टी की भराई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन न केवल एक औपचारिकता है, बल्कि यह राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है।
इसके अतिरिक्त, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी, परेड की तैयारियों, मेडिकल सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
जिला पदाधिकारी ने निदेश दिया कि सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और उत्साह के साथ करें।
बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशांक कुमार, सिविल सर्जन बी.पी. सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी सुश्री प्राची कुमारी, जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी वंदना पांडे, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।









