लखीसराय- नगर परिषद लखीसराय द्वारा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र में प्रचार रथ के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाई जा रही है।
प्रचार रथ के जरिए नागरिकों को गणना प्रपत्र भरने और जमा करने हेतु विशेष कैंपों की जानकारी दी जा रही है। जिन लोगों ने गणना प्रपत्र भरकर अभी तक जमा नहीं किया है, उन्हें सलाह दी जा रही है कि वे शीघ्र अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर प्रपत्र समर्पित करें। यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सहायक होगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 के लिए 25 जून से 27 जुलाई 2025 तक का समय निर्धारित किया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों, ताकि वे अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। इस प्रक्रिया में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रखा गया है।
इस बीच नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। सभी पात्र मतदाताओं से अनुरोध है कि वे समय रहते अपने मतदान केंद्रों पर संपर्क करें और गणना प्रपत्र जमा करें। यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संबंधित मामलों की जानकारी एसडीसी सह प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्राची कुमारी ने दी ।









