बरबीघा:-सावन के महीने में भगवान शिव पर गंगाजल चढ़ाने की लालसा रखने वाले शिव भक्तों के लिए खुशखबरी है.इस बार सावन के पूरे महीने तक बरबीघा डाकघर में गंगोत्री से लाया गया शुद्ध गंगाजल उपलब्ध रहेगा.इस संबंध में जानकारी देते हुए शाखा डाकपाल अरुण कुमार ने बताया कि भारतीय डाक विभाग की ओर से विशेष पहल के तहत गंगाजल की बिक्री शुरू की गई है.उन्होंने बताया कि गंगाजल की एक बोतल की कीमत मात्र ₹30 रखी गई है, ताकि हर वर्ग के श्रद्धालु इसे सहजता से प्राप्त कर सकें.यह शुद्ध गंगाजल उत्तराखंड के गंगोत्री से संग्रहित किया गया है और पूरी तरह से पैकिंग के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है.दरअसल सावन माह में भगवान शिव की पूजा में गंगाजल का विशेष महत्व होता है. ऐसे में यह पहल श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी.डाकपाल अरुण कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे डाकघर पहुंचकर आसानी से गंगाजल प्राप्त करें और सावन की पूजा-अर्चना को सफल बनाएं.डाक विभाग की इस पहल की लोग सराहना कर रहे हैं, क्योंकि इससे अब दूर-दराज से गंगाजल लाने की आवश्यकता नहीं होगी. बरबीघा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को अब गंगाजल के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी.









