उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री ने संयुक्त रूप से अशोकधाम मंदिर में श्रावणी मेला 2025 का किया उद्घाटन

लखीसराय । बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एवं परिवहन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री शीला कुमार ने संयुक्त रूप से लखीसराय जिले के अशोकधाम स्थित इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्रावणी मेला 2025 का विधिवत उद्घाटन किया।

 

इस अवसर पर उनके साथ जिले की प्रभारी मंत्री-सह-परिवहन मंत्री शीला कुमारी उर्फ शीला मंडल, जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, तथा अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर भी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ संपन्न हुआ।

 

श्रावणी मेले के शुभारंभ पर मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा इंद्रदमनेश्वर महादेव के दर्शन-पूजन हेतु पहुंचे।

 

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा:

“अशोकधाम का यह पवित्र स्थल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। श्रावणी मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान और एकता का भी संदेश देता है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुखद अनुभव के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।”

प्रभारी मंत्री शीला कुमारी ने मेले की समुचित व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

 

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि मेले के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जैसे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

 

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि मेला परिसर सहित पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विशेष पुलिस बलों की तैनाती के साथ निगरानी सुनिश्चित की गई है।

 

श्रावणी मेला 2025 के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, हस्तशिल्प प्रदर्शनियां और स्थानीय व्यंजन स्टॉल्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

 

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह,मदन मंडल, रोहित कुमार,अजय कुशवाहा, ट्रस्टी डॉ प्रवीण कुमार सिन्हा, डॉ कुमार अमित,एडीएम सुधांशु शेखर,उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन डॉ. बी. पी. सिन्हा समेत कई अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

जिला प्रशासन द्वारा मेले को सफल और यादगार बनाने के लिए समर्पण भाव से प्रयास किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को सुगमता, सुविधा और सुरक्षा मिले — इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ और सतत निगरानी में हैं।

Leave a Comment