डीएम ने की जिला समन्वय समिति एवं आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक

लखीसराय- जिला समन्वय समिति एवं आपदा प्रबंधन की बैठक समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

 

सर्वप्रथम बाढ़ की तैयारियों से संबंधित समीक्षा बैठक की गई। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी से सभी प्रखंडों में वर्षा मापक यंत्र एवं उनको संचालित करने हेतु कर्मियों की स्थिति का समीक्षा किया गया एवं प्रतिवेदन अगली बैठक में उपस्थापित करने का निर्देश दिया गया।

 

सभी सीडीपीओ को अपने-अपने प्रखंडों में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निवास करने वाले दिव्यांग, बीमार व्यक्तियों, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की पहचान कर सूची तैयार करने को निदेश दिया गया।

 

तटबंधों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त मात्रा में बालू भरे बैग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। जिले में उपलब्ध नावों की समीक्षा का दौरान यह निर्णय लिया गया कि सभी उपलब्ध नाव का पंजीकरण कर नाविकों की सूची फोन नंबर के साथ अंचल वार तैयार करना है। लखीसराय जिला में उपलब्ध नावों की कम संख्या को देखते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा विभाग या दूसरे जिले से कम से कम 30 नाव की अधियाचना करने का निर्देश दिया गया है।

 

बाढ़ में विस्थापितों हेतु पॉलीथीन शीट्स का आकलन कर अंचल बार सूची बनाने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त विभाग से 10,000 पॉलिथीन शीट्स की मांग करने को कहा गया है।

 

सभी अंचल अधिकारियों को बाढ़ हेतु आश्रय स्थल की पहचान कर उनमें सभी आवश्यक व्यवस्था जैसे कि पेयजल, बिजली, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

 

जिले में अंचल अधिकारियों द्वारा कुल 43 सामुदायिक रसोई की सूची उपलब्ध कराई गई है। प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन द्वारा निर्देश दिया गया कि इन सभी सामुदायिक रसोई की सूची को जीपीएस लोकेशन के साथ सत्यापित कर भेजें।

 

सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि सभी आवश्यक दावों की उपलब्धता है। कुल 23 प्रकार की दवाईयां एवं ब्लीचिंग पाउडर इत्यादि उपलब्ध है।

 

जिला पशुपालन पदाधिकारी को पशु चारा एवं पशुओं की दवाइयां का आकलन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इनके द्वारा बताया गया है कि जिले में 17 पशु शरण स्थल चिन्हित किए गए हैं।

 

सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अंचल बार प्रशिक्षित गोताखोरों की संख्या एवं उनकी सूची फोन नंबर के साथ अंचल कार्यालय के बाहर सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करें।

 

कार्यपालक अभियंता विद्युत द्वारा बताया गया कि जिले में किसी फीडर को 14 घंटे एवं अन्य स्थानों को 20 से 22 घंटे के बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि किसी भी जगह पर बिजली का तार टूटा हुआ या बिजली का पोल लटका हुआ नहीं पाया जाना चाहिए।

 

सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद एवं पीएचईडी को चलंत शौचालय एवं पानी टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

जिला समन्वय समिति की बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर समग्र सेवा अभियान की समीक्षा की गई। समीक्षा में निर्देश दिया गया कि शिविर वार अलग-अलग प्रतिवेदन तैयार कर लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित कराए।

 

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं द्वारा प्रदर्शित आकांक्षाओं के निष्पादन हेतु सभी संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

जिला समन्वय समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, पंचायती राज विभाग इत्यादि द्वारा योजनाओं के कार्य हेतु भूमि की मांग से संबंधित लंबित मामलों को सभी अंचल अधिकारियों एवं अपर समाहर्ता के द्वारा यथाशीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन बीपी सिंहा, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन विभाग शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव रंजन के साथ अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा सभी अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment