बिहार में सियासी उलटफेर की चर्चा के बीच बिहार प्रशासनिक सेवा और IAS अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट

पटना. इस वक्त बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रदेश में सियासी उलटफेर की चर्चा के बीच बिहार प्रशासनिक सेवा और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर ट्रांसफर किया गया है. दरअसल बिहार प्रशासनिक सेवा के 18 अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है. वहीं भारतीय प्रशासनिक सेवा के भी 26 अधिकारियों का तबादला किया गया है. इसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गयी है. कई जिलों में नए उप विकास आयुक्त की पोस्टिंग कर दी गई है. कई अनुमंडल के एसडीओ भी बदले गए हैं. मिली जानकारी के अनुसार वैशाली के डीडीसी चित्रगुप्त कुमार को दरभंगा का डीडीसी बनाया गया है.

बिहार सरकार ने कई आईएएस अफसरों का भी तबादला किया है. सुरेश चौधरी को पंचायती राज विभाग का सचिव बनाया गया है. वहीं सचिन किशोरी चौधरी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है. वहीं उदिता सिंह को नालंदा में बंदोबस्त पदाधिकारी के रूप में तैनात किया गया है. तरनजीत सिंह की पशुपालन निदेशक के पद पर पोस्टिंग हुई है. विशाल राज को उद्योग और तकनीकी विभाग का सचिव बनाया गया है. आरिफ एहसान को नगर विकास विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है. योगेश कुमार सागर को उद्योग विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है. वहीं अनिल कुमार को बनाया गया बिहार एड्स समिति का परियोजना निदेशक बनाया गया है. शिखर आनंद को नालंदा का नगर आयुक्त बनाया गया है.

उज्जवल कुमार सिंह को संयुक्त सचिव ग्रामीण कार्य विभाग बनाया गया है . नरेश झा को कटिहार का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है. समाज कल्याण विभाग के मंत्री के आप्त सचिव शशांक शेखर सिंह को संयुक्त सचिव जल संसाधन विभाग बनाया गया है. शिव कुमार को किशनगंज का बंदोबस्त पदाधिकारी, विश्वनाथ चौधरी को बंदोबस्त पदाधिकारी सहरसा, बृजेश कुमार को बंदोबस्त पदाधिकारी मधेपुरा, मंत्री विजय चौधरी के आप्त सचिव नवीन को वित्त वाणिज्य कर विभाग एवं संसदीय कार्य विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है. यह विभाग विजय चौधरी के जिम्मे है.

देखें BAS अधिकारियों के ट्रांसफर की लिस्ट

देखें IAS अधिकारियों के ट्रांसफर की लिस्ट

बता दें, वहीं इससे पहले आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक ही राजभवन पहुंच गए हैं. बिहार में सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने राजभवन पहुंचे हैं. साथ में  मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद हैं. वहीं इसी बीच हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर बिहार में सियासी खेल को लेकर बड़ा इशारा किया है. दरअसल जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर लिखा है- बंगला में कहतें हैं,“खेला होबे” मगही में कहतें हैं, “खेला होकतो” भोजपुरी में कहतें हैं, “खेला होखी” बाकी तो आप खुद ही समझदार है…

Tags: Bihar News, PATNA NEWS, Transfer

Source link

Leave a Comment