हरना बेला में पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार पंकज को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि

हरना बेला में पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार पंकज को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि

हरना बेला स्थित आदर्श बाल नाट्य कला परिषद् के तत्वावधान में पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय प्रदीप कुमार पंकज की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद् द्वारा उनके तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
गौरतलब है कि आदर्श बाल नाट्य कला परिषद् हरना बेला में सन् 1973 से लगातार सरस्वती पूजा का आयोजन किया जा रहा है। स्वर्गीय प्रदीप कुमार पंकज ने सन् 2005 से 2025 तक अध्यक्ष के रूप में परिषद् की जिम्मेदारी निभाई और संस्था को नई पहचान दिलाई। बीते वर्ष सरस्वती पूजा के तीन दिन बाद उनके आकस्मिक निधन से समिति के सदस्यों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी, जिसकी यादें आज भी लोगों के मन में ताज़ा हैं।


पूर्व अध्यक्ष की स्मृति में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान गांव के समाजसेवी दीपू यादव की ओर से दो दिनों तक लंगर वितरण किया गया। पहले दिन खीर एवं दूसरे दिन खिचड़ी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल मेहता, समिति के नव-निर्वाचित अध्यक्ष गौतम कुमार, सचिव विजय यादव, समिति के सभी सदस्य, पूर्व प्रमुख चंद्रिका यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय प्रदीप कुमार पंकज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं भवनपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार ने भी उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय प्रदीप कुमार पंकज का जीवन समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित रहा। उनका योगदान आदर्श बाल नाट्य कला परिषद् के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। संस्था उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए आगे भी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।

Leave a Comment