जिला भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल -तेजस्वी का फूंका पुतला

लखीसराय। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा लखीसराय की जिला इकाई द्वारा आज शहीद द्वार के निकट कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का पुतला दहन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दिवंगत माता जी पर की गई अमर्यादित एवं अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ किया गया।

 

इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आशा पासवान ने कहा कि:-

“माँ हमारे जीवन की सबसे पवित्र और पूजनीय स्वरूप होती हैं। कांग्रेस और राजद नेताओं ने जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माताजी पर अपशब्द कहे हैं, वह न केवल एक माँ का अपमान है, बल्कि पूरे बिहार की मातृशक्ति का अपमान है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

 

वहीं महिला मोर्चा नगर उपाध्यक्ष किरण कुशवाहा ने कहा—

“आज हम सभी भाजपा महिला मोर्चा की बहनें यहाँ शहीद द्वार पर इस अमर्यादित कृत्य के खिलाफ एकजुट हुई हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके कार्यकर्ताओं ने मंच से उनकी माँ को गाली दी। यह शर्मनाक है। सीता माँ की धरती पर किसी भी माँ का अपमान सहन नहीं किया जाएगा।”

 

महिला मोर्चा ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस और राजद नेताओं की यह गंदी सोच है और माँ का अपमान वही कर सकता है जिसका धरती माँ और भारत माता से कोई रिश्ता न हो। बिहार की जनता इस अपमान को कभी नहीं भूलेगी और न ही माफ करेगी। भाजपा कार्यकर्ता और बिहार की जनता इस अपमान का कड़ा विरोध करती है और साफ़ कर देना चाहती है कि इस तरह की ओछी हरकतों से न तो प्रधानमंत्री जी की छवि धूमिल होगी और न ही जनता का विश्वास टूटेगा।

 

आज के इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, नगर मंत्री रेखा देवी, ओबीसी मोर्चा जिला प्रभारी घनश्याम मंडल, चंदन यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संबंधित आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने दी।

Leave a Comment