लखीसराय। मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को रखा। जिसमें प्रमुख समस्याओं में पशु चारा, सड़क की मरम्मती, सामुदायिक किचन, पशु उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी शामिल थी।
मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह और जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्थानीय लोगों/राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनीं और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
डीसी ने पशु चारे की व्यवस्था के लिए बताया कि पशु चारा का दर निर्धारित है इसके लिए स्थानीय वेंडर से बात कर या जरूरत पड़ने पर अगल-बगल के जिलों के वेंडर से बात कर त्वरित रूप से चारा का प्रबंध किया जाए। उन्होंने आपदा विभाग के मानकों के अनुसार राहत सामग्री की पैकेजिंग में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने पॉलीथिन शीट्स की व्यवस्था करने का आदेश दिया। साथ ही, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पॉलीथिन शीट्स का वितरण करने का निदेश दिया।
आयुक्त ने संपूर्ति पोर्टल को अपडेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि संपूर्ति पोर्टल को सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से सम्पूर्ति पोर्टल अपलोड किया जाना चाहिए।
सिंचाई विभाग द्वारा जल स्तर के मापी के आधार पर स्कूल, सड़क और पुल जैसे ढांचों का निर्माण करने का निर्देश दिया गया।
आपदा प्रबंधन के तहत नाव और सामुदायिक किचन जैसे कार्यों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने और नावों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया।
आयुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्रवाई समाप्ति की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, एसपी अजय कुमार अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन शशि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।









