लखीसराय। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के द्वारा भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की गंभीरता का भी आकलन किया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के द्वारा जिला आपदा प्रबंधन की टीम एवं SDRF की टीम के साथ इनफलैटेबल मोटर वोट से बाढ़ प्रभावित बड़हिया एवं पिपरिया के दियारा इलाके का भ्रमण किया ।
जिसमें जैतपुर, खुटहा पश्चिमी, मालपुर, डीह पिपरिया, कनहरपुर, पथुआ, बसौना एवं अन्य स्थानों पर भ्रमण कर बाढ़ की संभावनाओं एवं इससे प्रभावित होने वाली जान-माल की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनीं एवं त्वरित पहल करते हुए प्रशासनिक तत्परता से अवगत कराया ।
भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनीं एवं उन्हें आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन बाढ प्रभावित लोगों के बीच हरसंभव राहत एवं बचाव की त्वरित कार्रवाई करेगी। मौके पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक को निर्देश देते हुए कहा कि कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
विदित हो कि वर्तमान में गंगा नदी के जलस्तर की घटने की संभावना है। बावजूद बाढ़ से प्रभावित होने वाले पशुओं के लिए सुखा चारा एवं पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा पिपरिया प्रखंड में बाढ़ की संभावना को देखते हुए सामुदायिक भोजनालय हेतु 15 दिनों का सूखा राशन जमा किया गया है।
डीएम ने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए सैंड बैग और सड़क मरम्मति जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ हर संभव सहायता के लिए कटिबद्ध है।
दूसरी ओर सोमवार को जिला पदाधिकारी द्वारा हरूहर नदी से प्रभावित क्षेत्रों यथा अमहरा, साबिकपुर ,ज्वास,नीमचक,सदायबीघा,बभनगांवा,दीघा सहित अन्य इलाकों का भ्रमण किया जाएगा।
भ्रमण कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्रभारी शशि कुमार, अंचलाधिकारी बड़हिया, अंचलाधिकारी पिपरिया जिला जद यू अध्यक्ष रामानंद मंडल, जदयू नेता सुजीत कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।









