लखीसराय। समाहरणालय लखीसराय स्थित NIC के सभा कक्ष में मुख्य सचिव, बिहार, अमृतलाल मीणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
विदित हो कि मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में प्रत्येक मंगलवार को विभिन्न विभागों की समीक्षा की जाती है। इस बार उद्योग विभाग, ऊर्जा विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, भवन निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, योजना एवं विकास विभाग, पर्यटन विभाग एवं नगर परिषद इत्यादि की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के क्रम में निदेश दिया कि सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजना का लाभ हर हाल में आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।
आगे उन्होंने यह भी निदेश दिया कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्य में गति लाएं।
समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के साथ विशेष कार्य पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह, प्रभारी पदाधिकारी पर्यटन शशि कुमार, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग शंभू कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद लखीसराय, सूर्यगढ़ा एवं बड़हिया सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित आशय की जानकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद ने दी।









