लंबी दूरी के ट्रेनों की ठहराव की मांग को लेकर दूसरे दिन भी आंदोलनकारी सत्याग्रह स्थल पर डटे रहे

शेखपुरा। दानापुर रेलमंडल के अधीन पड़ने वाले किऊल – गया रेलखण्ड स्थित शेखपुरा रेलवे जंक्शन पर लंबी दूरी के ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं को मुहैया कराने की मांग को लेकर गुरुवार को दूसरे दिन भी बेमियादी धरना जारी रहा। बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाओं ने इस आंदोलन में भाग लिया। इस मौके पर दैनिक रेल यात्री संघ के अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह उर्फ बुधन भाई, सामाजिक कार्यकर्ता शंभू यादव,भूपेश सिंह,किरण देवी सहित अन्य ने कहा कि इस बार आर पार की लड़ाई होगी और लंबी दूरी के ट्रेनों को शेखपुरा जंक्शन में रोकना ही पड़ेगा रेलवे के अधिकारियों को धरना स्थल पर पहुंचकर वार्ता करनी होगी। इस रेल खंड से होकर गुजरने वाली बंदे भारत, जसीडीह-पुणे एक्सप्रेस, सिकंदराबाद हमसफर सहित कई ट्रेनों का परिचालन शामिल है। लेकिन, यहां इन सभी ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से इस लंबी दूरी के ट्रेनों का यहां के लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। बड़ी संख्या में यहां से दिल्ली, मुंबई, पुणे आदि जाने वाले लोगों को क्यूल, नवादा, गया आदि स्टेशनों पर जाकर इसी ट्रेन की सवारी करनी पड़ रही है.।आंदोलनकारी ने इस संबंध में स्थानीय सांसदों के साथ-साथ रेल मंत्री को कई बार ज्ञापन सौंपा है।इसके बाद भी अभी तक इस संबंध में किसी प्रकार के विचार नहीं करने पर उन्होंने आंदोलन की राह पकड़ी है। आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक इस दिशा में इस बार ठोस पहल नहीं की जाती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद रेल रोको आंदोलन भी होगा। यात्री संघ ने आम लोगों से भी बढ़-चढ़कर इस आंदोलन में हिस्सा लेने की अपील की है।









