PATNA: बिहार की राजनीतिक गलियारे से बड़ी खबर पटना से आ रही है जहां महागठबंधन में बड़ी टूट हुई है। कांग्रेस को दो विधायक और राजद के एक विधायक बीजेपी में शामिल हो गये हैं। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सौरव और मुरारी गौतम के साथ-साथ राजद से संगीता देवी ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने इन तीनों विधायकों को बीजेपी में शामिल कराया।
महागठबंधन खेमे के 3 विधायकों ने फिर पाला बदला है। कांग्रेस के दो और राजद के एक विधायक बीजेपी के साथ आ गये हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी तीनों विधायकों को साथ लेकर विधानसभा पहुंचे थे। बता दें कि इससे पहले फ्लोर टेस्ट के दौरान राजद के तीन विधायक चेतन आनंद, नीलम देवी और प्रह्वाद यादव पाला बदल जेडीयू खेमे में चले गये थे।
आज एक बार फिर राजद के एक विधायक संगीता देवी ने पाला बदल लिया है इस बार राजद विधायक बीजेपी खेमे में चले गये। वही कांग्रेस के दो विधायक सिद्धार्थ सौरव और मुरारी गौतम ने भी पाला बदल लिया है। इसके साथ ही बिहार की राजनीति में एक बार फिर से भूचाल आ गया है।
बता दें कि बिहार के बड़े डॉक्टरों में से एक दिवंगत उत्पल कांत के बेटे सिद्धार्थ विक्रम से कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं। बताया जाता है कि नीतीश कुमार के फ्लोर टेस्ट से पहले कांग्रेस विधायकों को हैदराबाद भेज दिया गया था। जिसमें तीन विधायक हैदराबाद नहीं गये थे। उनमें एक सिद्धार्थ भी थे जो कांग्रेस के अन्य विधायकों के साथ हैदराबाद नहीं गये। अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है।
वही मुरारी गौतम महागठबंधन की सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री थे जबकि संगीता देवी कैमूर के मोहनियां से राजद की विधायक है। बता दें कि तेजस्वी यादव इन दिनों जन विश्वास यात्रा पर हैं। 20 फरवरी से वे लगातार यात्रा कर रहे हैं बिहार के कई जिलों में जाकर अपनी बात रख रहे हैं और लोगों को 3 मार्च को महागठबंधन की महारैली में आने का न्योता दे रहे है। लेकिन महागठबंधन की रैली से पहले ही बड़ी टूट हो गयी। महागठबंधन के एक साथ 3 विधायकों ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।









